रायगढ़ में अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 21 मोटरसाइकिल बरामद

रायगढ़, 4 अप्रैल 2026। रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी सुखदेव चौहान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी शिव नागवंशी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने इस मामले में चोरी की बाइक खरीदने वाले 9 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 21 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लैलूंगा क्षेत्र के सुखदेव चौहान और उसका साथी शिव नागवंशी पूंजीपथरा, धरमजयगढ़ सहित ओडिशा के विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी कर सस्ते दामों में बेच रहे हैं।

संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सुखदेव चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ पेचकस जैसे औजारों की मदद से आसानी से बाइक का लॉक तोड़कर चोरी करता था और बाद में सुनसान जगहों पर छिपाकर उन्हें बेच देता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर 14 बाइक खरीदारों से और 7 बाइक आरोपी के ठिकाने से बरामद की गईं।

इस कार्रवाई से पूंजीपथरा और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के पूर्व में दर्ज तीन मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल गिरोहों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और चोरी की संपत्ति खरीदने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।