विश्व स्वास्थ्य दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 7 अप्रैल को – vedantsamachar.in

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर 7 अप्रैल को

कोरबा, 4 अप्रैल (वेदांत समाचार)। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 7 अप्रैल 2026 को “स्वास्थ्य के लिए एक साथ, विज्ञान के साथ खड़े रहें” थीम के तहत “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।

यह शिविर लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय निहारिका में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।

शिविर में निःशुल्क रक्त शर्करा एवं रक्तचाप जांच के साथ आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता एवं उपलब्धता के अनुसार दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।

शिविर में छत्तीसगढ़ के ख्यातिलब्ध आयुर्वेद चिकित्सक एवं लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान लोगों को अंधविश्वास, टोना-टोटकों से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने और योग्य चिकित्सकों से उपचार कराने के लिए जागरूक किया जाएगा।

साथ ही मरीजों को उनके स्वास्थ्य के अनुसार लाइफस्टाइल और डाइट संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने अंचलवासियों से इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

शिविर में पंजीयन के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क कर समय निर्धारित किया जा सकता है, ताकि लोगों को प्रतीक्षा न करनी पड़े।