KORBA : सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान नहर में गिरा युवती का iPhone, घंटों तलाश के बाद भी नहीं मिला मोबाइल... - vedantsamachar.in

KORBA : सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान नहर में गिरा युवती का iPhone, घंटों तलाश के बाद भी नहीं मिला मोबाइल…

कोरबा,03अगस्त (वेदांत समाचार)। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जित करने के दौरान एक युवती का महंगा iPhone मोबाइल नहर में गिर गया। मोबाइल पानी में गिरते ही मौके पर मौजूद 4 से 5 युवकों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत नहर में उतरकर उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बाद भी मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिल सका।

जानकारी के अनुसार, SECL क्षेत्र की रहने वाली युवती सोनालिया पुल पहुंची थी। वह पूजा सामग्री की थैली में रखे सामान को नहर में विसर्जित कर रही थी। इसी दौरान उसके हाथ में पकड़ा iPhone अचानक फिसल गया और गहरे पानी में जा गिरा। घटना इतनी अचानक हुई कि युवती कुछ समझ पाती, उससे पहले ही मोबाइल नहर के तेज बहाव में डूब गया।

मोबाइल गिरने की आवाज सुनकर नहर किनारे मौजूद युवकों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मदद की। युवती के आग्रह पर 4 से 5 युवक पानी में उतर गए और मोबाइल की तलाश शुरू कर दी। युवकों ने काफी देर तक नहर में खोजबीन की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक प्रयास करने के बाद भी मोबाइल बरामद नहीं हो सका।

घटना की जानकारी मिलते ही सोनालिया पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोग पुल के ऊपर खड़े होकर नीचे मोबाइल तलाश रहे युवकों को देखते रहे। भीड़ बढ़ने से कुछ समय के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोनालिया नहर पर धार्मिक अवसरों के दौरान बड़ी संख्या में लोग पूजा सामग्री, फूल और दीप विसर्जित करने पहुंचते हैं। भीड़भाड़ के समय कई बार लोगों के मोबाइल, पर्स और अन्य सामान हाथ से छूटकर नहर में गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

घटना के बाद युवती ने कोतवाली थाना में मोबाइल गुम होने की सूचना दर्ज कराई है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सोनालिया नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और लोगों को सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।