कोरबा/नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026। अनिल अग्रवाल ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए जीवन के कठिन दौर और हालिया औद्योगिक हादसे को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा कि बीते कुछ महीनों में उन्होंने व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तर पर भारी क्षति झेली है।
अग्रवाल ने बताया कि वर्ष की शुरुआत में उन्होंने अपने युवा पुत्र को खो दिया, जिसके बाद 14 अप्रैल को Singhitarai Power Plant में हुए दुखद हादसे ने उनसे 25 “बेशकीमती साथियों” को छीन लिया। उन्होंने कहा कि असामयिक मृत्यु का दर्द वे भली-भांति समझते हैं और यह दोनों घटनाएं अत्यंत पीड़ादायक और अप्रत्याशित रही हैं।
https://www.facebook.com/share/p/1YJhX3Nnx2
उन्होंने हादसे पर हैरानी जताते हुए कहा कि एथेना प्लांट में सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों का पालन किया गया था। प्लांट के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी NTPC और General Electric की साझेदारी वाली कंपनी NTPC-GE Power Services Limited को सौंपी गई थी। कर्मचारियों, ठेकेदारों और तकनीकी विशेषज्ञता भी इसी साझेदारी के अधीन थी।
अग्रवाल ने उदाहरण देते हुए कहा कि यह स्थिति वैसी ही है जैसे कोई वाहन मालिक अपने वाहन को एक भरोसेमंद चालक को सौंपता है और उम्मीद करता है कि सब कुछ सुरक्षित रहेगा। इसके बावजूद इतना बड़ा हादसा हो जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि वेदांता समूह के हर अनुबंध में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है और एनटीपीसी व जीई की भी यही नीति रही है। इसके बावजूद ऐसी घटना होना दिल तोड़ने वाला है।
अग्रवाल ने अपने दिवंगत पुत्र अग्निवेश सहित हादसे में जान गंवाने वाले सभी 25 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वेदांता परिवार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सभी प्रभावितों को मुआवजा प्रदान किया जा चुका है और भविष्य में भी समूह की ओर से हर संभव सहायता जारी रहेगी।
