जशपुर में शॉर्ट फिल्म ‘ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर’ का भव्य विमोचन आज, साइबर अपराधों पर करेगी जागरूक

रायगढ़/जशपुर, 04 अप्रैल (वेदांत समाचार)। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एसएसपी रायगढ़ शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित, निर्देशित और अभिनीत बहुप्रतीक्षित शॉर्ट फिल्म “ख़ौफ़ – द डिजिटल वॉर” का 4 अप्रैल को जशपुर स्थित विशिष्ट कम्युनिटी हॉल में रात्रि 8 बजे भव्य विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम मुख्य अतिथि कौशल्या देवी साय की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होगा।

यह फिल्म साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से आम लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह इस फिल्म में एक स्कूल शिक्षक की भूमिका में नजर आएंगे, जो साइबर अपराध का शिकार बनता है। यही किरदार फिल्म का मुख्य केंद्र बिंदु है।

तकनीकी युग में जहां डिजिटल सुविधाएं लोगों के जीवन को आसान बना रही हैं, वहीं साइबर अपराधी भी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठग रहे हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह अपराधी खुद को पुलिस, बैंक या केंद्रीय एजेंसियों का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं और उनसे ओटीपी, बैंक डिटेल्स या स्क्रीन शेयरिंग के जरिए ठगी करते हैं।

फिल्म का निर्माण Take 3 Studios द्वारा किया गया है। इसमें व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फर्जी मोबाइल एप, केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन गेम्स और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाली ठगी के मामलों को वास्तविक रूप में दर्शाया गया है। साथ ही नागरिकों को यह संदेश दिया गया है कि बिना सोचे-समझे किसी लिंक पर क्लिक करना या निजी जानकारी साझा करना गंभीर आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।

फिल्म में छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली, साइबर सेल की भूमिका और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को भी विस्तार से दिखाया गया है, ताकि लोगों में विश्वास पैदा हो और वे समय रहते मदद ले सकें। इस प्रोजेक्ट में रायपुर, दुर्ग, कोरबा और जशपुर के स्थानीय कलाकारों को भी मौका दिया गया है।

फिल्म के डीओपी अनुज कुमार हैं, जबकि अभिनय में शशि मोहन सिंह के साथ आरवी सिन्हा, दीपा महंत, राम प्रकाश पांडेय, ऋभु समर्थ सिंह, कुंदन सिंह, प्रवीण अग्रवाल, विजय सिंह राजपूत, अंकित पांडे, आकर्ष, मनीषा और वंशिका गुप्ता सहित कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी शशि मोहन सिंह ने लिखी है, स्क्रीनप्ले तोरण राजपूत और संवाद घनश्याम द्वारा लिखे गए हैं।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार डिजिटल फ्रॉड के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और इस फिल्म के जरिए लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल समाज को जागरूक किया जाएगा, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच मिलेगा।