मार्च 2026 Nissan इंडिया के लिए एक अहम मोड़ साबित हुआ. लंबे समय से भारतीय बाजार में संघर्ष कर रही कंपनी ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए बिक्री के नए आंकड़े हासिल किए हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह हाल ही में लॉन्च हुई बजट 7-सीटर कार Nissan Gravite रही, जिसने आते ही ग्राहकों का ध्यान खींच लिया.
कंपनी की सेल्स पर असर देखने को मिला
मार्च के दौरान इस नई कार की डिलीवरी शुरू हुई और इसका सीधा असर कंपनी की सेल्स पर देखने को मिला. घरेलू बाजार में निसान की बिक्री में महीने-दर-महीने करीब 98% की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई. खास बात ये है कि ये पिछले पांच साल में कंपनी की सबसे बेहतरीन मासिक बिक्री मानी जा रही है.
मार्च में 10,388 यूनिट्स की सेल हुई
अगर कुल आंकड़ों पर नजर डालें, तो मार्च 2026 में निसान ने भारत में कुल 10,388 यूनिट्स की बिक्री की. इसमें घरेलू और निर्यात दोनों शामिल हैं. घरेलू बाजार में कंपनी ने 4,408 गाड़ियां बेचीं, जबकि 5,980 यूनिट्स का निर्यात किया गया. भारत निसान के लिए एक अहम एक्सपोर्ट हब बना हुआ है, जहां से गाड़ियां कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भेजी जाती हैं.
Nissan Magnite का भी बड़ा योगदान
इस सफलता के पीछे सिर्फ Nissan Gravite ही नहीं, बल्कि Nissan Magnite का भी बड़ा योगदान है, जो पहले से ही कंपनी की सबसे लोकप्रिय कारों में शामिल है. ग्रेवाइट, निसान की इंडिया रिसर्जेंस रणनीति का पहला उत्पाद है, जिसके तहत कंपनी आने वाले समय में और नई गाड़ियां लॉन्च करने की तैयारी कर रही है.
गाड़ियों की कीमत
फिलहाल भारतीय बाजार में निसान तीन प्रमुख मॉडल बेच रही है. Nissan Gravite की कीमत लगभग 5.65 लाख रुपये से शुरू होकर 8.94 लाख रुपये तक जाती है. वहीं Nissan Magnite की कीमत 5.62 लाख रुपये से 10.96 लाख रुपये तक है. इसके अलावा प्रीमियम सेगमेंट में Nissan X-Trail की कीमत करीब 48.20 लाख रुपये है.
