जांजगीर-चांपा: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने किया सिवनी कोसा कारखाना और ककून बैंक का निरीक्षण, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने किया सिवनी कोसा कारखाना और ककून बैंक का निरीक्षण, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 09 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में कोसा उद्योग को बढ़ावा देने और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गुरुवार को ग्राम सिवनी स्थित कोसा कारखाना एवं ककून बैंक का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों, प्रशिक्षण व्यवस्था और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कोसा धागाकरण एवं हथकरघा बुनाई प्रशिक्षण को बड़े स्तर पर संचालित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं और युवाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि ग्राम सिवनी स्थित कोसा कारखाना को एक आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं को कोसा धागाकरण तथा हथकरघा बुनाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा सके। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कोसा कारखाना परिसर में चल रहे जीर्णोद्धार एवं निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद पंचायत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समय पर पूरा होने से प्रशिक्षण और उत्पादन गतिविधियों का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को नियमित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि जिले में कोसा उद्योग को नई पहचान मिले और अधिक से अधिक महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

निरीक्षण के दौरान रेशम विभाग के मधुप कुमार चंदन, हथकरघा विभाग के सहायक संचालक सौरभ सिंह ठाकुर, हैंडलूम कॉलेज के बिहारी लाल पटेल, एनसीएचएचडी के श्री रंगारी, जनपद पंचायत बलौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित नायक तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अनुभागीय अधिकारी श्री सूर्यवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।