CG NEWS : कर्मचारी ने की 58 लाख की ठगी व्यवसायी के भरोसे का गला घोंटा... - vedantsamachar.in

CG NEWS : कर्मचारी ने की 58 लाख की ठगी व्यवसायी के भरोसे का गला घोंटा…

धमतरी,09 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के कुरुद थाना क्षेत्र में भरोसे का फायदा उठाकर 58 लाख रुपये की कथित ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेकंड हैंड गाड़ियों का कारोबार करने वाले एक व्यवसायी को उसके ही भरोसेमंद कर्मचारी ने ऐसा चूना लगाया कि लाखों रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित व्यवसायी की शिकायत के अनुसार आरोपी कर्मचारी शिवम रजक लंबे समय से उसके साथ काम कर रहा था। अपने व्यवहार और कामकाज से उसने मालिक का पूरा विश्वास जीत लिया।

इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने फाइनेंस वाली गाड़ियों की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग आठ गाड़ियों की खरीद-बिक्री के दौरान मालिक के नाम पर एग्रीमेंट करवाता था। वह यह कहकर भरोसा दिलाता कि फाइनेंस की किस्तें वह स्वयं जमा करेगा, इसलिए एग्रीमेंट मालिक के नाम पर करा दिया जाए। इसी बहाने उसने विभिन्न सौदों में हेरफेर करते हुए करीब 58 लाख रुपये अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

जैसे ही पूरी रकम उसके खाते में पहुंची, आरोपी अचानक गायब हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब व्यवसायी को ठगी का एहसास हुआ और उसने कुरुद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद कुरुद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।