खरगे के बयान पर चुनाव आयोग सख्त, 24 घंटे में मांगा जवाब – vedantsamachar.in

खरगे के बयान पर चुनाव आयोग सख्त, 24 घंटे में मांगा जवाब

नई दिल्ली ,23 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी की शिकायत के बाद की गई है। भाजपा ने आरोप लगाया था कि तमिलनाडु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खरगे ने प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।

आयोग के सूत्रों ने कहा, ‘ चुनाव आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘आतंकवादी’ कहे जाने को गंभीरता से लिया है। आयोग ने इस पर खरगे को कड़ा नोटिस भेजा है।” सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शिकायत पर खरगे को जारी नोटिस का जवाब 24 घंटे में देने को कहा गया है।

भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल, जिसमें किरण रिजिजू, निर्मला सीतारमण और अर्जुनराम मेघवाल शामिल थे, ने चुनाव आयोग से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने इस बयान को चुनावी माहौल को प्रभावित करने वाला और अपमानजनक बताया है।

भाजपा ने आयोग से मांग की है कि खरगे से तत्काल माफी मंगवाई जाए और ऐसे बयानों के प्रसार पर रोक लगाई जाए। पार्टी का कहना है कि यह बयान चरित्र हनन करने वाला है और इससे चुनावी वातावरण दूषित हुआ है। हालांकि, मल्लिकार्जुन खरगे ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय यह था कि चुनाव के समय विपक्ष को डराने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है। अब इस मामले में चुनाव आयोग के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं।