रायपुर, 01 अगस्त (वेदांत समाचार)। फ्रेंडशिप डे के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना तेलीबांधा पुलिस ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार 2 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले फ्रेंडशिप डे को लेकर थाना तेलीबांधा में सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) की अध्यक्षता में होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों तथा उनके मैनेजरों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मौजूद सभी होटल और ढाबा संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि फ्रेंडशिप डे के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना रहती है, इसलिए सभी प्रतिष्ठानों को सतर्कता बरतनी होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देनी होगी।
बैठक में होटल और ढाबा संचालकों से कहा गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखें, आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखें तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या संदिग्ध स्थिति सामने आने पर तत्काल थाना पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सुरक्षा संबंधी निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
थाना तेलीबांधा पुलिस ने बताया कि फ्रेंडशिप डे के दौरान क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी और पुलिस टीम लगातार गश्त कर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का कार्य करेगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ फ्रेंडशिप डे मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

