बस्तर, 01 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने शनिवार को जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की क्राइम रिव्यू मीटिंग ली। बैठक में अपराधों की समीक्षा करते हुए स्मार्ट पुलिसिंग, तकनीक आधारित पुलिसिंग, सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिले में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं और शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विवेचना के दौरान वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग कर जांच की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने अधिकारियों से कहा कि आधुनिक दौर में स्मार्ट पुलिसिंग और टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने सीसीटीएनएस (CCTNS) सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग कर पुलिस कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विभागीय कार्यों, न्यायालयीन प्रकरणों और अन्य वैधानिक अनुपालनों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिले की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और आम नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
वर्तमान वर्षा ऋतु और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने, स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में विधिक विषयों एवं विवेचना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जिला अभियोजन अधिकारी (डीपीओ) मिश्रा ने अधिकारियों को आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन दिया, जिससे विवेचना और अभियोजन की गुणवत्ता को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
क्राइम रिव्यू मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

