छत्तीसगढ़ : घर में घुसा तेंदुआ, गांव में मची अफरा-तफरी; घंटों की मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू – vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ : घर में घुसा तेंदुआ, गांव में मची अफरा-तफरी; घंटों की मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू

मनेन्द्रगढ़, 21 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ जिले के जनकपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत खिरकी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ अचानक एक घर में घुस गया। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व से सटे इस गांव में जंगली जानवरों की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है, लेकिन इस तरह घर के भीतर तेंदुए के घुसने की घटना ने लोगों को भयभीत कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ घर के अंदर आराम से बैठा हुआ था। जैसे ही घरवालों की नजर उस पर पड़ी, वे घबराकर अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।

घटना की खबर तेजी से पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद आसपास के लोग भी अपने-अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन अमला रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया गया और घर के भीतर से बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई, लेकिन घटना के बाद पूरे गांव में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और जंगली जानवरों की आवाजाही पर निगरानी रखने की मांग की है।