कोरबा, 21 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के नक्तिखार के पास मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बालकोनगर निवासी एक व्यक्ति और उसकी पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों अपने एक परिचित के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
मृतक की पहचान बहरुराम रात्रे के रूप में हुई है, जो बालकोनगर, एल्यूमिनियम सिटी के निवासी थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के गोढ़ी गांव में रिश्तेदारी में किसी व्यक्ति के निधन के बाद पारंपरिक दशगात्र कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बहरुराम अपनी पत्नी के साथ दुपहिया वाहन से रवाना हुए थे।

बताया जा रहा है कि कचन्दा नाला के पास एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बहरुराम रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 108 संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही घायल महिला ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

