नारायणपुर के जंगलों में गिरा कोई विमान? चप्पे-चप्पे पर ड्रोन की नजर, वायरल खबर का सच जानने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे कलेक्टर.. देखें वीडियो – vedantsamachar.in

नारायणपुर के जंगलों में गिरा कोई विमान? चप्पे-चप्पे पर ड्रोन की नजर, वायरल खबर का सच जानने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे कलेक्टर.. देखें वीडियो

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्थित नारायणपुर के जंगलों में सोमवार को एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया, जिसके बाद कलेक्टर और एसएसपी ने भारी बल के साथ मौके पर मोर्चा संभाला। हालांकि घंटों की कड़ी मशक्कत और सर्च ऑपरेशन के बावजूद अब तक दुर्घटना से जुड़ा कोई भी ठोस सबूत या विमान का मलबा बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल प्रशासन ने किसी भी विमान के लापता होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इलाके में तलाशी अभियान जारी रखा गया है।

एएनआई को जानकारी देते हुए जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि कुछ वेब पोर्टल और चैनलों के के माध्यम से नारायणपुर क्षेत्र में प्लेन क्रैश होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसएसपी और पूरी टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गई थी। टीम ने पूरे संभावित इलाके का निरीक्षण किया है लेकिन मौके पर अब तक प्लेन क्रैश जैसी किसी भी घटना के साक्ष्य नहीं मिले हैं। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी मदद भी ली है।

दुर्गम पहाड़ी और घना जंगल होने के कारण प्रशासन यहां ड्रोन के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहा है। इसके साथ ही वन विभाग की विशेष टीमें पहाड़ियों और जंगलों के भीतर घुसकर छानबीन कर रही हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि छानबीन के बाद भी कहीं कोई मलबा या जलने के निशान नहीं मिले हैं, जो किसी बड़े हादसे की ओर इशारा करते हों। जांच के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने आसपास के गांवों के लोगों से भी विस्तृत चर्चा की है।

चौंकाने वाली बात यह है कि किसी भी ग्रामीण ने न तो आसमान से कुछ गिरते देखा और न ही इलाके में किसी भी तरह के विस्फोट या धमाके की आवाज सुनी। कलेक्टर रोहित व्यास कहा कि अब तक, किसी ने भी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि कोई विमान लापता है…”