रायगढ़, 20 अप्रैल 2026:राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह-2026 का समापन एनटीपीसी लारा प्रोजेक्ट में अग्निशमन केन्द्र पर गरिमामय ढंग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनटीपीसी लारा के एच.ओ.पी. श्री सुभाष ठाकुर ने की, जबकि सहायक कमाण्डेंट (अग्नि) श्री देवेन्द्र नाथ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन शाखा के बल सदस्यों द्वारा आकर्षक फायर डेमोन्स्ट्रेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें आग बुझाने की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन को उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने सराहा।

अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान एनटीपीसी लारा के अग्निशमन कर्मियों ने अधिकारियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, स्कूल के बच्चों और आसपास के क्षेत्रों में जाकर आग से बचाव, सुरक्षा उपायों और आपदा प्रबंधन के संबंध में प्रशिक्षण दिया। साथ ही लोगों को आग की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक (अग्नि) नरेन्द्र सिंह ने किया। इस अवसर पर उप कमाण्डेंट महाबीर सिंह, निरीक्षक (अग्नि) कुलदेश सहित एनटीपीसी लारा के वरिष्ठ अधिकारी और अग्निशमन विभाग के सभी सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्निशमन टीम के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके प्रयासों से यह सप्ताह जागरूकता और सुरक्षा के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

