कोरबा में सेवाएं दे चुके एसआई कृष्णा साहू बने इंस्पेक्टर, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में मिली नई जिम्मेदारी... - vedantsamachar.in

कोरबा में सेवाएं दे चुके एसआई कृष्णा साहू बने इंस्पेक्टर, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में मिली नई जिम्मेदारी…

कोरबा/रायपुर,01अगस्त (वेदांत समाचार)। पुलिस विभाग में पदोन्नति के क्रम में कोरबा जिले में सब इंस्पेक्टर (एसआई) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके कृष्णा साहू को इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के बाद उनकी नई पदस्थापना रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में की गई है। उनके इंस्पेक्टर बनने पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

कृष्णा साहू ने अपने पुलिस सेवा के दौरान कोरबा जिले में सब इंस्पेक्टर के रूप में कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और आम जनता के बीच बेहतर पुलिसिंग स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने शांत स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई के कारण उन्होंने विभाग के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी अपनी अलग पहचान बनाई। कोरबा में सेवाएं देने के बाद उनका स्थानांतरण बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना में हुआ, जहां उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों के सफल निराकरण और प्रभावी पुलिस व्यवस्था बनाए रखने में अहम योगदान दिया।

हाल ही में जारी पदोन्नति आदेश के तहत उन्हें इंस्पेक्टर बनाया गया है। पदोन्नति के बाद रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित एक सादे समारोह में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने उनके कंधों पर इंस्पेक्टर पद का बैच लगाकर नई जिम्मेदारी सौंपी। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनके अब तक के कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे नई जिम्मेदारी का भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में इंस्पेक्टर के रूप में पदस्थ होने के बाद कृष्णा साहू राजधानी की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में अपनी सेवाएं देंगे। पुलिस विभाग का मानना है कि उनका अनुभव, नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता कमिश्नरेट की पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, कोरबा और बिलासपुर में उनके साथ कार्य कर चुके अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनकी पदोन्नति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे उनकी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का सम्मान बताया है।