रायगढ़,01अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले के बेलादुला क्षेत्र स्थित साहू ट्रेवल्स के मकान में किराए से रहने वाले 21 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर चक्रधर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कमलेश अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ किराए के मकान में रहता था। वह शहर के नेक्सा कार शोरूम में वाहन धुलाई का कार्य करता था।
बताया गया कि पिछले एक सप्ताह से उसके माता-पिता अयोध्या यात्रा पर गए हुए थे, जबकि उसकी छोटी बहन अपनी बुआ के घर गई हुई थी। शुक्रवार रात वह रोज की तरह काम से लौटकर अपने कमरे में चला गया। शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर मकान मालिक को संदेह हुआ। उन्होंने दरवाजे से झांककर देखा तो युवक पंखे से लटका हुआ था।
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। चक्रधर नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

