Korba ब्रेकिंग: कुसमुंडा में चोरी की कोशिश नाकाम, चुराया कैम्पर वाहन पेड़ से टकराया, चोर घायल होकर फरार

कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में शनिवार रात चोरी की एक वारदात सामने आई, जहां चोरों द्वारा चुराया गया एक कैम्पर वाहन भागने के दौरान अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना के बाद चोर वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना एक स्थानीय कोयला व्यवसायी के वाहन के साथ हुई। चोरों ने वाहन चोरी करने के इरादे से उसे स्टार्ट किया और मौके से भागने लगे, लेकिन वाहन अचानक बेकाबू हो गया और सामने खड़े एक पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चोर उसे लेकर भागने में असफल रहे।

वाहन मालिक लक्ष्मी दास ने बताया कि उनके ड्राइवर ने शनिवार रात गाड़ी घर के बाहर खड़ी की थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे जब ड्राइवर चाबी लेने पहुंचा, तो वाहन अपनी जगह पर नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर गाड़ी घर से कुछ दूरी पर स्थित नर्सरी जंगल में एक पेड़ से टकराई हुई क्षतिग्रस्त हालत में मिली। मौके पर खून के निशान भी पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हादसे में चोर घायल हुए और वहीं से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वाहन मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

कुसमुंडा क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। कुछ दिन पहले गुरुद्वारा परिसर स्थित “नेहा रेडीमेड” कपड़े की दुकान में भी चोरी की घटना हुई थी। इसके अलावा क्षेत्र की एक अन्य दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया था।

स्थानीय व्यापारियों और कॉलोनीवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि रात के समय गश्त में कमी के चलते चोर आसानी से वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है।