CG NEWS : पत्रकार-वकील पर टूट पड़ा अफसर, सरकारी दफ्तर में मारपीट…

सारंगढ़-बिलाईगढ़,17 अप्रैल (वेदांत समाचर)। जिले के कृषि विभाग कार्यालय में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सरकारी कर्मचारी पर पत्रकार और वकील के साथ मारपीट का आरोप लगा है। पूरी घटना कार्यालय में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, वकील जनक बरेठ अपनी माता के किसान सम्मान निधि की राशि से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन देने कृषि कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार पोश कुमार भी मौजूद थे। दोनों ने पहले जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात की, जिसके बाद उन्हें संबंधित कर्मचारी REO (ग्रामीण क़ृषि विस्तार अधिकारी) प्रवीण पटेल के पास भेजा गया।

बताया जा रहा है कि शुरुआत में सामान्य बातचीत चल रही थी, लेकिन कुछ ही देर में माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि REO प्रवीण पटेल ने गुस्से में आकर पत्रकार पर हमला कर दिया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारी बीच-बचाव करने के बजाय दर्शक बने रहे। घटना के दौरान जब जिला कृषि अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो उन पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने स्थिति को शांत करने के बजाय पीड़ितों को ही रोककर पुलिस को सौंपने की बात कही ।

इस दौरान दोनों को कुछ समय तक कार्यालय से बाहर भी नहीं जाने दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित पत्रकार और वकील ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।