रायगढ़। NTPC लारा परियोजना में भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पूरे सम्मान, उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर परियोजना परिसर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर एवं प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रेखा ठाकुर द्वारा दीप प्रज्वलन और बाबा साहेब की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं लारा कर्मचारी कल्याण संघ के सदस्य भी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सुभाष ठाकुर ने डॉ. अंबेडकर के विचारों और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में उनके आदर्शों की अहम भूमिका है। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने पेशेवर और सामाजिक जीवन में समानता, न्याय और भाईचारे के मूल्यों को अपनाएं और आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम के दौरान बालभवन एवं गुरुकुल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने सभी का मन मोह लिया। इसके अलावा कर्मचारियों, सहयोगियों और बच्चों के बीच संवैधानिक मूल्यों एवं सामाजिक न्याय पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन में बाबा साहेब के विचारों और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी ने समानता, न्याय और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
