रायपुर: चालान से बचने के लिए ट्रक ड्राइवर ने खुद ही किया ट्रक चोरी, 6 घंटे में गिरफ्तार…

रायपुर, 03 अप्रैल (वेदांत समाचार) । रायपुर कमिश्नरेट के उत्तर ज़ोन में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां चालान की राशि से बचने के लिए ट्रक चालक ने खुद ही अपने वाहन की चोरी की साजिश रच दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 6 घंटे के भीतर ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को ट्रक क्रमांक CG/07/AZ/5831 नो-एंट्री में प्रवेश करते पकड़ा गया था। इस पर यातायात थाना भनपुरी पुलिस ने मोटर यान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए ट्रक को थाने में खड़ा कर दिया था। चालक द्वारा चालान की राशि जमा नहीं करने पर वाहन को वहीं रोक लिया गया।

इसके बाद 2 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि उक्त ट्रक को कोई अज्ञात व्यक्ति थाना परिसर से चोरी कर फरार हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना खमतराई में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 194/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जांच के दौरान पुलिस को फुटेज में ट्रक राजनांदगांव की ओर जाते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को डोंगरगांव, राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्वयं ट्रक का चालक है और चालान की राशि से बचने के लिए उसने ही ट्रक चोरी की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत का ट्रक बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डबलू कुमार यादव (21 वर्ष), निवासी ग्राम हरना, थाना जजा, जिला जमुर (बिहार) के रूप में हुई है।

फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।