बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 श्रद्धालु हुए रवाना – vedantsamachar.in

बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 श्रद्धालु हुए रवाना

बिलासपुर, 15 अप्रैल (वेदांत समाचार)। बिलासपुर संभाग के विभिन्न जिलों के श्रद्धालुओं के लिए आज एक विशेष पहल के तहत स्पेशल ट्रेन को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया। इस ट्रेन में करीब 850 यात्री सवार होकर भगवान राम की नगरी अयोध्या के दर्शन के लिए निकले हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन का भी अवसर प्राप्त होगा।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन से इस स्पेशल ट्रेन को केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश चंद्रवंशी, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।

ट्रेन के प्रस्थान के दौरान रेलवे स्टेशन पर उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिला प्रशासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड, रेलवे तथा आईआरसीटीसी के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा यात्रियों का स्वागत-सत्कार किया गया। साथ ही यात्रियों को यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

इस पहल से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए बेहतर और सुगम सुविधा उपलब्ध हुई है। यात्रियों में इस विशेष यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा गया और उन्होंने शासन-प्रशासन की इस व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया।