कोरबा, 14 अप्रैल (वेदांत समाचार)। ग्राम पंचायत खोड़डल में पंचायत के तत्वावधान में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कोरबा पावर लिमिटेड (अडानी) का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन कोरबा पावर लिमिटेड के डॉ. विकास ठाकुर (प्रमुख, लैंड एवं लाइजनिंग) द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि खेलकूद जीवन के हर आयु वर्ग के लिए आवश्यक है, इससे शारीरिक क्षमता और मानसिक स्वास्थ्य दोनों बेहतर होते हैं।
इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें कोरबा पावर लिमिटेड की लैंड एवं सीएसआर टीम ने भी भाग लिया, जिसका मुकाबला स्थानीय टीमों से हुआ। एक मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए केपीएल टीम ने 10 ओवर में 99 रनों का लक्ष्य रखा। टीम की ओर से पवन महतो ने 6 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए, जबकि ताजेन्द्र बंजारे ने 16 रनों का योगदान दिया। वहीं, टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।

खोड़डल की स्थानीय टीम के बल्लेबाज श्याम शंकर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाई। उन्होंने आक्रामक पारी खेलते हुए मैच को अपने पक्ष में कर लिया। इस मुकाबले में केपीएल के कप्तान विकास ठाकुर ने 6 रन बनाए और एक विकेट भी हासिल किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कनकी और खोड़डल के बीच खेला गया। कनकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 78 रनों का लक्ष्य खोड़डल के सामने रखा। जवाब में खोड़डल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 7 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कनकी टीम के खिलाड़ी नागेश को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने पूरे प्रतियोगिता में 135 रन बनाए और 5 विकेट भी लिए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर ग्राम सरपंच प्रतिनिधि सतीश भारद्वाज ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए कोरबा पावर लिमिटेड का आभार व्यक्त किया। वहीं उपसरपंच गुलशन पटेल ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और पूरे आयोजन का आनंद लिया।
