KORBA : अटल प्रतिमा निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप: कटघोरा में युवा कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन, चक्काजाम का प्रयास... - vedantsamachar.in

KORBA : अटल प्रतिमा निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप: कटघोरा में युवा कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन, चक्काजाम का प्रयास…

कटघोरा/कोरबा, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। कटघोरा नगर पालिका परिसर में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक माहौल गर्मा गया। निष्पक्ष एवं व्यापक जांच की मांग को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर विरोध जताया और चक्काजाम व सड़क जाम करने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रतिमा निर्माण में गड़बड़ी सामने आने के बावजूद प्रशासन ने केवल एक उप-अभियंता (सब-इंजीनियर) पर कार्रवाई कर मामले को सीमित करने का प्रयास किया है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य में अनियमितता और भ्रष्टाचार की पुष्टि हुई है तो जांच का दायरा बढ़ाते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ), संबंधित ठेकेदार तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

युवा कांग्रेस ने मांग की कि प्रतिमा निर्माण प्रकरण की उच्च स्तरीय समिति गठित कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जांच के दायरे में सीएमओ और ठेकेदार को शामिल करते हुए दोषी पाए जाने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी मांग उठाई कि जांच पूरी होने तक प्रतिमा को हटाने, बदलने अथवा उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ पर तत्काल रोक लगाई जाए।

आंदोलन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।

युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।