'बंटवारा 1947' में सनी देओल का किरदार सबसे ताकतवर, राजकुमार संतोषी का बड़ा दावा - vedantsamachar.in

‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल का किरदार सबसे ताकतवर, राजकुमार संतोषी का बड़ा दावा

मुंबई । आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘बंटवारा 1947’, जिसका निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और जिसमें शबाना आज़मी, सनी देओल और प्रीति जी जिंटा मुख्य भूमिकाओं में हैं, 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। हाल ही में रिलीज़ हुए फिल्म के ट्रेलर ने भारत के बंटवारे के दर्दनाक इतिहास की दमदार झलक दिखाकर दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ा दिया है।

आमिर खान प्रोडक्शंस की ‘बंटवारा 1947’ भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। शबाना आज़मी, सनी देओल और प्रीति जी जिंटा स्टारर इस फिल्म ने अपने दमदार टीजर से पहले ही जबरदस्त चर्चा बटोरी थी और अब हाल ही में रिलीज़ हुए ट्रेलर ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया है। ट्रेलर अपनी भावुक कहानी और दमदार परफॉर्मेंस से लोगों का दिल जीत रहा है। यह भारतीय उपमहाद्वीप के इतिहास के सबसे दर्दनाक दौर की झलक दिखाते हुए इंसानियत को धर्म से ऊपर रखने का संदेश देता है।

ट्रेलर में सनी देओल एक बार फिर दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। हाल ही में निर्देशक राजकुमार संतोषी ने साफ किया कि ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल का किरदार ‘गदर’ के तारा सिंह से बिल्कुल अलग है और दोनों किरदारों की तुलना नहीं की जा सकती।

राजकुमार संतोषी ने कहा, “तारा सिंह अपने हक के लिए लड़ता है। हमारी फिल्म का किरदार किसी और के लिए लड़ता है और इसके लिए वह अपने परिवार तक की परवाह नहीं करता। मुझे भरोसा है कि मैं अच्छे एक्शन हीरो लिख सकता हूं, चाहे ‘घातक’ हो या ‘घायल’। लेकिन इस फिल्म में मैंने सनी के लिए जो किरदार लिखा है, मैं उसे सुपरमैन, आयरन मैन और बाकी सभी सुपरहीरोज़ से भी बेहतर मानता हूं। क्योंकि कोई इंसान किसी एक व्यक्ति, एक समूह या एक सेना से तो लड़ सकता है, लेकिन यहां सनी कट्टरता के खिलाफ लड़ रहे हैं। दुनिया का कोई भी सुपरहीरो उसके सामने टिक नहीं सकता।”

‘बंटवारा 1947’ में शबाना आज़मी, सनी देओल, प्रीति जी जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे। खास बात यह है कि करीब 30 साल बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की सुपरहिट जोड़ी फिर से साथ आ रही है।

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।