रायगढ़,06अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले की तमनार पुलिस ने ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस सहित अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोरी करने वाले गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में तमनार पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक 4 अगस्त को तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका ट्रेलर क्रमांक CG 13 AV 7911 जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2 सलिहाभांठा के पास खड़ा था। रात के दौरान वाहन के डीजल टैंक से करीब 100 लीटर डीजल चोरी हो गया था।
मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना मिली कि ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान के पास चोरी का डीजल रखा हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि चोरी किया गया डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को 4 हजार रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने किशोर कुमार चौहान की निशानदेही पर बोलेरो वाहन क्रमांक CG 13 BM 1854, 50 लीटर डीजल, पाइप, सब्बल और पेचकस बरामद किया।
इसके बाद पुलिस ने कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया और बिक्री की रकम में से बचे 500 रुपये पुलिस के हवाले किए। वहीं चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य रात के अंधेरे में बोलेरो वाहन से निकलते थे और सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाते थे। आरोपी डीजल टैंक तोड़कर पाइप की मदद से डीजल चोरी कर लेते थे और उसे कम कीमत में बेच देते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशोर कुमार चौहान (37 वर्ष), कमलेश कुमार उरांव (23 वर्ष) और दुर्गाचरण पटेल (42 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार की तलाश कर रही है।

