KORBA:शराब के नशे में शिक्षक का वीडियो वायरल, ग्रामीणों में आक्रोश - vedantsamachar.in

KORBA:शराब के नशे में शिक्षक का वीडियो वायरल, ग्रामीणों में आक्रोश

0.आश्रम शाला सरभोका के शिक्षक पर शाला समय में नशे में रहने का आरोप, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

कोरबा, 04 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरभोका स्थित आश्रम शाला के एक शिक्षक का कथित रूप से शराब के नशे में गांव में घूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आश्रम शाला में पदस्थ शिक्षक राजेश कुमार बंजारे शाला समय के दौरान शराब के नशे में पाए गए, जिससे बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, शिक्षक को नशे की हालत में देखने के बाद इसकी जानकारी तत्काल ग्राम सरपंच को दी गई। सरपंच ने बताया कि इस संबंध में कुछ दिन पहले ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को लिखित एवं मौखिक शिकायत की गई थी। शिकायत मिलने पर बीईओ स्वयं सरभोका आश्रम शाला का निरीक्षण करने पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने बताया कि आश्रम शाला में लगभग 130 से 135 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि यहां केवल तीन शिक्षक पदस्थ हैं। आरोप है कि इनमें से दो शिक्षक अक्सर शराब के नशे में रहते हैं और नियमित रूप से विद्यालय से अनुपस्थित भी रहते हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा अभिभावकों में भी गहरी चिंता व्याप्त है।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि संबंधित शिक्षकों का रवैया पिछले 13 से 14 वर्षों से ऐसा ही बना हुआ है। कई बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।