CG NEWS : चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर फैला रहे थे दहशत, दो युवक गिरफ्तार... - vedantsamachar.in

CG NEWS : चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर फैला रहे थे दहशत, दो युवक गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा, 04 अगस्त (वेदांत समाचार)। सार्वजनिक स्थान पर चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली पिस्टल, एक तलवार (चापड़) तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम गश्त पर थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शारदा चौक के पास मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो सवार दो युवक नकली पिस्टल और तलवार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सोहन उर्फ साहिल सिंह पांडू (22) निवासी ग्राम भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर तथा निखिल बाधड़े (21) निवासी ग्राम भनेसर, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक नकली पिस्टल और एक तलवार बरामद हुई। हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दोनों हथियारों के साथ स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।