पर्यटन मंत्री राजेश अग्राग्रवाल ने जनदर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश - vedantsamachar.in

पर्यटन मंत्री राजेश अग्राग्रवाल ने जनदर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

रायपुर, 3 अगस्त 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर स्थित अपने निज निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में निराकरण के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान क्षेत्र के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पर्यटन विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दे मंत्री राजेश अग्रवाल के समक्ष रखे। मंत्री ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने कहा।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है। शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और शासन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्य किया जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य कर रही है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के माध्यम से आम जनता से लगातार संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।