- हरित भविष्य का लिया संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आगे आए जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र
कोरबा/करतला, 28 जुलाई (वेदांत समाचार)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरपाली में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज झा (जनपद उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष, शिक्षा समिति) ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरे विश्व की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने युवाओं से प्रकृति संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नीता राकेश यादव (जनपद सदस्य), भुनेश्वर बिंझवार (सरपंच), विजय पांडेय (अध्यक्ष, शाला विकास समिति), चमार सिंह (पूर्व अध्यक्ष, शाला विकास समिति), प्रवीण उपाध्याय, संजीव शर्मा, वीरेंद्र शुक्ला, पीयूष गुरुद्वान, वरिष्ठ पत्रकार लखन गोस्वामी, जी.डी. मिश्रा, कीर्तन विश्वकर्मा, किशन अग्रवाल एवं लक्ष्मी यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य बी.एल. मार्वल ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के एनएसएस प्रभारी, सहप्रभारी, एनसीसी प्रभारी, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन शिवम यादव ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से विद्यालय ने समाज को हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य बनाने का प्रेरक संदेश दिया।

