कोरबा,26 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के एसईसीएल के बलगी विद्युत सब स्टेशन में शनिवार देर रात 15 से 20 नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा उसका मोबाइल फोन भी लूट लिया। इसके बाद आरोपी सब स्टेशन से सामान चोरी कर फरार हो गए। घायल गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 11:10 बजे सब स्टेशन में अकेले ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान 15 से 20 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश बदमाश परिसर में घुस आए। उनके हाथों में डंडे, चाकू और लोहे की रॉड थीं। परिसर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने बिना कुछ कहे उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद किसी तरह उन्होंने अपने सहकर्मियों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
अकेले सुरक्षा गार्ड की तैनाती पर उठे सवाल
संजय कुमार ने बताया कि सब स्टेशन में अधिकांश समय उन्हें अकेले ही ड्यूटी करनी पड़ती है। इससे पहले भी यहां चोरी के प्रयास हो चुके हैं। कुछ समय के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। ऐसे में रात की ड्यूटी के दौरान सुरक्षा को लेकर लगातार खतरा बना रहता है। हाल ही में सुराकछार खदान क्षेत्र में भी चोरी की घटना सामने आई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश
बांकी मोंगरा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम सक्रिय रूप से तलाश में जुटी हुई है। वहीं, चोरी गए सामान और हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

