कोरबा, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। 13वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) मड़वारानी के वार्षिक निरीक्षण के दौरान उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) उत्तर क्षेत्र सरगुजा आई.के. एलिसेला ने जवानों को अनुशासन, कार्यकुशलता और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया। उन्होंने पुलिस वर्दी की गरिमा बनाए रखने, कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने तथा स्वयं को निरंतर बेहतर बनाने के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण की शुरुआत डीआईजी आई.के. एलिसेला द्वारा क्वार्टर गार्ड की सलामी लेने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने वाहिनी की विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जवानों से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें जवानों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। डीआईजी ने सम्मेलन के दौरान प्रस्तुत समस्याओं और गुजारिशों का मौके पर ही निराकरण किया।
उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी जवानों से नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने और शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर अपनी कार्यक्षमता बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही आधुनिक समय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध प्रशिक्षण एवं कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रम नियमित रूप से करने की सलाह दी, ताकि कार्यकुशलता और पेशेवर दक्षता में लगातार वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर 13वीं वाहिनी (भा/र) छसबल मड़वारानी के सेनानी प्रशांत कतलम ने डीआईजी आई.के. एलिसेला का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने वाहिनी में जवानों के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी भी दी।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एलिसेला ने राज्य सरकार की ‘हरियर छत्तीसगढ़’ योजना के तहत वाहिनी परिसर में फलदार पौधों का पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उचित पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम के समापन पर सेनानी प्रशांत कतलम ने डीआईजी आई.के. एलिसेला को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ओम प्रकाश चंदेल (रापुसे), मयंक तिवारी, सत्येन सिंह, विकास कुजूर, रामबहादुर शर्मा, वाय.के. मरावी, शिवकुमार पाण्डेय, बबीत कुमार नायक, आर.एस. पटेल, मदनमोहन ओझा और विजय देवदास सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

