जशपुर, 26 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के कोतबा थाना क्षेत्र में गौहत्या के एक मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने बैगाबहार वार्ड के पास एक खेत में गौवंश की हत्या कर मांस का बंटवारा कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में मांस, मवेशी के अवशेष और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बैगाबहार वार्ड से कुछ दूरी पर स्थित एक सुनसान खेत में कुछ लोग एक बैल की हत्या कर उसके मांस का बंटवारा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मौके से कई लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पूरी रात छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। अब तक कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी बैगाबहार क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कथित गौमांस, मवेशी के अवशेष और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

