कोरबा:ढेलवाडीह में बोहरा भाजी पकाओ प्रतियोगिता का आयोजन, महिलाओं ने दिखाई पाक-कला की प्रतिभा

कोरबा, 13 अप्रैल (वेदांत समाचार) । जिले के ढेलवाडीह क्षेत्र में जागृति महिला मंडल द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध और महंगी सब्जी बोहरा भाजी पर आधारित अनोखी “बोहरा भाजी पकाओ प्रतियोगिता” का आयोजन रविवार, 12 अप्रैल को किया गया। इस विशेष प्रतियोगिता में क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी पाक-कला का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में लगभग 20 महिलाओं ने बोहरा भाजी बनाकर प्रस्तुत की। कार्यक्रम में दो पुरुष एवं तीन महिलाओं की निर्णायक मंडल ने व्यंजनों का स्वाद लेकर उनका मूल्यांकन किया। निर्णायक मंडल में श्रीमती गीतांजलि तिवारी (अध्यक्ष), श्रीमती निशा पांडे, श्रीमती ज्योति दिवान, सुबोध तिवारी एवं घनश्याम पांडे शामिल रहे।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीमती नीलिमा साव ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान श्रीमती पांडे को मिला, जबकि तृतीय स्थान पर अंजलि जायसवाल रहीं। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया, वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी महिलाओं को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अनोखी प्रतियोगिता की क्षेत्र में काफी सराहना हुई और लोगों ने इसे पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रमुख महिलाओं में प्रीति गुप्ता, वंदना सोनी, संतोषी साहू, जयश्री दीप, अंजू जायसवाल, बसंती जायसवाल, नीलिमा साव, ज्योति दिवान, निशा पांडे एवं गीतांजलि तिवारी शामिल रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जागृति क्लब के सचिव विमल मानिकपुरी का विशेष सहयोग रहा।