कोरबा, 13 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के बालकों नगर में रविवार को भारत एल्युमीनियम एम्प्लाइज यूनियन, बालको (सीटू) द्वारा क्यूबा के समर्थन में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं यूनियन से जुड़े सदस्यों ने भाग लिया और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में अमेरिका की नीतियों के विरोध में एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। वक्ताओं ने कहा कि क्यूबा लंबे समय से आर्थिक प्रतिबंधों और दबाव का सामना कर रहा है, जिसके खिलाफ वैश्विक स्तर पर समर्थन की आवश्यकता है। उन्होंने श्रमिक संगठनों से एकजुट होकर क्यूबा के समर्थन में आवाज उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ सीटू के महासचिव कॉमरेड एस. एन. बैनर्जी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्व स्तर पर श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय एकजुटता बेहद जरूरी है। क्यूबा जैसे देशों के संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए श्रमिकों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।

बैठक की अध्यक्षता यूनियन के अध्यक्ष कॉमरेड एस. घोष ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रमिक संगठनों की जिम्मेदारी केवल स्थानीय मुद्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्तर पर हो रहे अन्याय के खिलाफ भी आवाज उठाना आवश्यक है। कार्यक्रम का संचालन महासचिव कॉमरेड अमित गुप्ता ने किया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया।
इस आयोजन में 50 से अधिक साथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और क्यूबा के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
