KORBA: राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग में 32 पदकों की शानदार सफलता, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का किया सम्मान - vedantsamachar.in

KORBA: राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग में 32 पदकों की शानदार सफलता, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का किया सम्मान

कोरबा, 23 जुलाई (वेदांत समाचार)। राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 32 पदक जीतने वाले सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों का गुरुवार को भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। डीडीएम रोड स्थित एकेडमी में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और हनुमान चालीसा भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर खिलाड़ियों ने न केवल कोरबा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र “जो खेलेगा, वो खिलेगा” आज देशभर के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहा है। राज्य सरकार भी खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में बस्तर ओलंपिक, खेल अलंकरण समारोह, उत्कृष्ट खिलाड़ी पुरस्कार और पहली बार सरगुजा ओलंपिक जैसी महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई हैं। साथ ही वर्ष 2026-27 के बजट में खेलों के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द ही हॉकी लीग का भी आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।

उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान करते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।

कार्यक्रम में उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतना खिलाड़ियों की प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अनुशासन का परिचायक है। उन्होंने कहा कि किकबॉक्सिंग एक चुनौतीपूर्ण खेल है और इसमें सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों का विकास केवल खेल तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से खिलाड़ियों को हनुमान चालीसा भेंट की गई है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने माता-पिता, जिले और प्रदेश का नाम निरंतर रोशन करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता-2026 में सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूरे समारोह में उत्साह का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, जनप्रतिनिधि, पार्षद, किकबॉक्सिंग समिति के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह में सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।