- मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का भूमिपूजन, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को मिली घर की चाबी
कोरबा, 23 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री, कोरबा जिला प्रभारी मंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को कोरबा जिले को 73 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने कुल 36.37 करोड़ रुपये की लागत से 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 37.45 करोड़ रुपये की लागत से 7 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान सुनालिया नहर मार्ग स्थित बहुप्रतीक्षित मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का भूमिपूजन भी किया गया।
दादरखुर्द में आयोजित लोकार्पण, भूमिपूजन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के गृहप्रवेश कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों और आम नागरिकों के कल्याण के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं लागू कर रही है, जिनका लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आज कोरबा को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है और ऊर्जाधानी कोरबा विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है। शासन का प्रत्येक रुपया जनता के हित और विकास के लिए खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि का भी अब जनहित में बेहतर उपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार सत्ता चलाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने के लिए है और यह सेवा लगातार जारी रहेगी।”
अरुण साव ने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले ढाई वर्षों में जिले में उल्लेखनीय विकास हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (एएचपी) के हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि आज केवल मकान की चाबी नहीं मिली है, बल्कि उनके जीवन में नई खुशियों का प्रवेश हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन आवासीय क्षेत्रों में सड़क, आंगनबाड़ी और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री के मार्गदर्शन में कोरबा जिले के विकास के लिए लगातार राशि उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में करीब एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें कई परियोजनाएं पूरी भी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत किसानों, गरीबों और आम नागरिकों तक पहुंचाया है। उन्होंने महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने का भी उल्लेख किया।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने जिले को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने निगम द्वारा संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हिमांशु सोनी, मधुमिता बनर्जी, संतोषी साहू, लक्ष्मी श्रीवास, लक्ष्मी महंत, प्रियंका महंत, उतरा सोनी, दिलबाई, सुदेवबाई सहित अन्य हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपकर गृहप्रवेश कराया गया। इस अवसर पर हितग्राहियों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और अन्य अतिथियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, दादरखुर्द में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जिन प्रमुख विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, उनमें दर्री बराज-कोहड़िया मार्ग स्थित बेलगरी नाला, कुदमुरा-श्यांग मार्ग के गुरमा नाला और लेमरू-श्यांग मार्ग के लमटी नाला पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण, नगर निगम क्षेत्र में आजीविका संवर्धन के लिए दुकान निर्माण, बालको मार्ग से दर्री मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, विभिन्न वार्डों में नाली, कलवर्ट, ओवरहेड टैंक और पाइपलाइन निर्माण, आदिवासी छात्रावास एवं कन्या आश्रम भवन निर्माण तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का निर्माण कार्य शामिल हैं।
लोकार्पित परियोजनाओं में पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के करहिया नाला पर स्लैब कलवर्ट, जल जीवन मिशन की एकल ग्राम योजनाएं, तुमान-पुटूवा मार्ग के अहिरन नदी पर उच्चस्तरीय पुल, सिरली और झांझ गांड़ा घाट मार्गों पर पुल, करीब 17.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग तथा घंटाघर चौक में स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज शामिल हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने वार्ड क्रमांक 27 स्थित घंटाघर चौक में स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण कर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि यह विशाल तिरंगा राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है और इसके लहराने से नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना और अधिक मजबूत होगी।

