रायगढ़, 12 अप्रैल 2026। महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई महिला थाना रायगढ़ की टीम द्वारा संवेदनशीलता और तत्परता के साथ की गई।
मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय पीड़िता ने 8 अप्रैल 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2019 से वह अपने पति से अलग होकर बच्चों के साथ रह रही है। इसी दौरान धमेन्द्र पासवान नामक युवक का उसके घर आना-जाना शुरू हुआ। आरोपी ने उसे सहारा देने और शादी करने का झांसा दिया, जिससे प्रभावित होकर पीड़िता उसके संपर्क में आ गई।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2022 में आरोपी उसे रायगढ़ स्थित अपने किराये के मकान में ले गया, जहां उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर संबंध बनाता रहा। वर्ष 2025 में आरोपी इलाज के बहाने अपने गांव चला गया, लेकिन 15 जनवरी 2026 को वापस रायगढ़ आकर फिर से पीड़िता को अपने किराये के मकान में ले गया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया और धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 27/2026 के तहत धारा 69 एवं 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी के परसा केत, थाना लखनपुर जिला सरगुजा (अम्बिकापुर) में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी धमेन्द्र पासवान (28 वर्ष), निवासी ग्राम लामारी कला, थाना कांडी, जिला गढ़वा (झारखंड) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
