150 ठेका श्रमिकों ने थामा एटक का दामन, सीटू से भी जुड़े नए सदस्य
कोरबा, 12 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के कोयलांचल क्षेत्र दीपका में एटक (AITUC) यूनियन ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय महामंत्री अजय विश्वकर्मा (छत्तीसगढ़ राज्य) का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर विनोद यादव एवं अजय राठौर के नेतृत्व में भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक, यूनियन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ठेका श्रमिकों का एटक यूनियन की ओर बढ़ता रुझान रहा। दीपका खदान क्षेत्र के लगभग 150 ठेका श्रमिकों ने अजय विश्वकर्मा के नेतृत्व में एटक यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा सीटू (CITU) से जुड़े गया प्रसाद चंद्रा के नेतृत्व में 10 श्रमिकों ने भी एटक का दामन थाम लिया। इस घटनाक्रम को क्षेत्र में श्रमिक राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे एटक यूनियन को नई मजबूती मिलने की बात कही जा रही है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से बी. धर्मा राव, केंद्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य पंकज गर्ग, सजल मित्र, गोपाल यादव, मुकेश साहू सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं संगठनात्मक स्तर पर क्षेत्रीय सचिव विनोद कुमार यादव, क्षेत्रीय जेसीसी सदस्य अजय राठौर, परियोजना सचिव संतोष कुमार पटेल, कोषाध्यक्ष भारत लाल साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त सुनील कुमार नायक, महेंद्र कांत, रणविजय सिंह, गजाधर राठौर, दीपक यादव, जान सिंह कुमार, घासीराम भारद्वाज, सावंत कुमार, जफर मेमन, राजू प्रसाद शुक्ला, टीकाराम पटेल सहित अन्य ठेका श्रमिकों ने भी सीटू से अलग होकर एटक यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में श्रमिकों की भारी उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में एटक यूनियन का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है।
इस मौके पर अजय विश्वकर्मा ने कहा कि एटक यूनियन हमेशा से श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि यूनियन से जुड़े प्रत्येक श्रमिक की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और उनके अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।
वहीं बी. धर्मा राव ने अपने संबोधन में श्रमिक एकता पर जोर देते हुए कहा कि संगठित होकर ही श्रमिक अपने अधिकारों को सुरक्षित कर सकते हैं। उन्होंने सभी श्रमिकों से एकजुट रहने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कुल मिलाकर दीपका में आयोजित यह कार्यक्रम एटक यूनियन के लिए एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिसने न केवल अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, बल्कि क्षेत्र में श्रमिकों के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करने का संदेश भी दिया।
