0 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अभिनव पहल से शिकायत का हुआ त्वरित निराकरण, हितग्राही ने जताया आभार
जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। शासन की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम लोगों के लिए प्रभावी मंच बनकर उभर रही है, जहां दर्ज शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम मेहंदी निवासी उपेंद्र बंजारे की शिकायत का त्वरित निराकरण कर उन्हें राहत प्रदान की गई। उपेंद्र बंजारे को राशन कार्ड में त्रुटि होने के कारण लंबे समय से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन नहीं मिल पा रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की और राशन कार्ड में आवश्यक सुधार कराया। इसके बाद उन्हें नियमित रूप से राशन मिलने लगा, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली। उपेंद्र बंजारे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस व्यवस्था ने आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को सरल और प्रभावी बना दिया है। मुख्यमंत्री की यह पहल प्रदेश में सुशासन और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

