जांजगीर-चांपा, 20 जुलाई (वेदांत समाचार )। जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा थाना पुलिस ने आज जेएसडब्ल्यू प्लांट से करीब 2 लाख रुपये मूल्य के कॉपर प्लेट चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने उसके कब्जे से 38 छोटे-बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े बरामद किए हैं। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जेएसडब्ल्यू प्लांट तरौद में कार्यरत सुरक्षा अधिकारी अखिलेश राय ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नियमित पेट्रोलिंग के दौरान प्लांट परिसर में कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियां करते हुए सामान बाहर निकालते दिखाई दिए। सुरक्षा टीम के पहुंचते ही तीन-चार लोग मौके से भागने लगे, लेकिन एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान जलेश्वर प्रसाद केवट (30 वर्ष), निवासी बनाहिल, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में बताई। आरोपी जेएसडब्ल्यू प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत है।
सुरक्षा टीम ने आरोपी के पास मौजूद चार काले रंग के बैगों की तलाशी ली, जिसमें 38 छोटे-बड़े कॉपर प्लेट के टुकड़े बरामद हुए। बरामद कॉपर प्लेट की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
सूचना मिलने पर अकलतरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर प्लांट से कॉपर प्लेट चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि इस चोरी में शामिल अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की विवेचना की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा तथा प्रधान आरक्षक रेमन सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

