CG NEWS:तेज रफ्तार कार ने दो सब्जी विक्रेताओं को रौंदा एक की मौत... - vedantsamachar.in

CG NEWS:तेज रफ्तार कार ने दो सब्जी विक्रेताओं को रौंदा एक की मौत…

रायगढ़, 20 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के पटेल पाली मंडी के सामने तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार नेक्सॉन कार ने बाइक सवार दो सब्जी विक्रेताओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा पटेलपाली सब्जी मंडी के पास सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ।दुर्घटना में टुरकुमुड़ा जूटमिल निवासी उमेश ठाकुर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद संदीप शाह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त नेक्सॉन कार को जब्त कर लिया है। एएसपी अनिल कुमार सोनी ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर गति नियंत्रण और प्रभावी यातायात व्यवस्था की मांग की है।