रायपुर, 20 जुलाई (वेदांत समाचार )। राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव के एक साथ लगातार हो रहे दौरों पर भाजपा ने तंज कसा है। मंत्री रामविचार नेताम और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस पर चुटकी ली है। मंत्री रामविचार नेताम ने चुटकी लेते हुए कहा कि बाबा को भेलपुरी खिला रहे हैं, नट-बोल्ट वाले कड़कनाथ भी खिलाएं। दिल मिले या न मिले, आंखें जरूर मिला रहे हैं। पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाए या राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दे, यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है।
वहीं भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने विवादित बयान देते कहा कि 2018 में हनीमून की सरकार बनी, फिर उनका तलाक हो गया। अब एक बार फिर दोनों हनीमून मना रहे हैं। इसी के साथ ही रामविचार नेताम ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पिटारे में अब कुछ बचा नहीं है, इसलिए UCC जैसे मुद्दों को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। कहीं भी ऐसी कोई बात नहीं है, जिससे आदिवासी, एसटी-एससी वर्ग के आरक्षण या अधिकार प्रभावित हों। जनमानस को गुमराह करने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए षड्यंत्रपूर्वक भ्रम फैलाया गया है। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी वर्ग के अधिकारों का हनन नहीं होगा, बल्कि उनके अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।

