ACCIDENT NEWS : ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत चालक फरार... - vedantsamachar.in

ACCIDENT NEWS : ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत चालक फरार…

जांजगीर-चांपा,20 जुलाई (वेदांत समाचार )। जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सरखो गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर के कैच व्हील की चपेट में आने से युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान नैला भाटापारा निवासी सतीश कश्यप के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नैला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।