बलरामपुर, 20 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जमीन विवाद ने एक शिक्षक की जान ले ली। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में सोमवार सुबह दो चचेरे भाइयों ने अपने ही रिश्तेदार और शिक्षक जयकरन जगते (50) की चाकू से गला रेतकर और हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शिक्षक जयकरन जगते सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से अपने घर से स्कूल के लिए निकले थे। घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर सड़क किनारे पहले से घात लगाकर बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उन पर अचानक हमला कर दिया। दोनों आरोपियों ने चाकू और हथौड़े से लगातार वार किए। हमले में जयकरन की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को गांव में इस विवाद को सुलझाने के लिए बैठक भी आयोजित की गई थी। आरोप है कि बंटवारा होने के बावजूद शिक्षक जयकरन जगते विवादित जमीन पर आरोपियों को खेती करने और जमीन की नाप-जोख कराने से रोक रहे थे। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था, जो सोमवार को खूनी वारदात में बदल गया।
हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की और उसमें आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
त्रिकुंडा थाना प्रभारी व्यास नारायण चुरेन्द्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों के घर में आगजनी करने वालों की भी पहचान की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

