रायपुर। पत्र सूचना कार्यालय (PIB) रायपुर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय मीडिया अध्ययन दौरे के तहत छत्तीसगढ़ के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया से जुड़े 12 पत्रकारों तथा PIB के दो अधिकारियों का दल रविवार शाम रायपुर से गुजरात के लिए रवाना हो गया। 20 से 24 जुलाई तक चलने वाले इस अध्ययन दौरे में मीडिया प्रतिनिधि देश की प्रमुख विकास परियोजनाओं, आधुनिक औद्योगिक प्रतिष्ठानों, तकनीकी संस्थानों और राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे।
PIB के अनुसार, इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य पत्रकारों को देश में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे, औद्योगिक प्रगति, तकनीकी नवाचार और जनकल्याणकारी परियोजनाओं की वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराना है। इससे विकास संबंधी विषयों पर पत्रकारों की समझ और मजबूत होगी तथा आमजन तक तथ्यपरक, संतुलित और प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
दौरे के दौरान मीडिया दल सबसे पहले अहमदाबाद स्थित पत्र सूचना कार्यालय का भ्रमण करेगा। इसके साथ ही पत्रकार महात्मा गांधी के प्रथम सत्याग्रह स्थल कोचरब आश्रम का दौरा करेंगे, जहां से स्वतंत्रता आंदोलन के कई महत्वपूर्ण अध्याय जुड़े रहे हैं। मीडिया प्रतिनिधि मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) परियोजना का भी अवलोकन करेंगे और देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना के निर्माण कार्य एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके अलावा साबरमती मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब का भ्रमण कर आधुनिक परिवहन व्यवस्था और एकीकृत यातायात प्रणाली को समझेंगे।
अध्ययन दौरे के दौरान दल गुजरात के ऐतिहासिक नगर लोथल भी पहुंचेगा, जहां सिंधु घाटी सभ्यता से जुड़े पुरातात्विक अवशेषों के साथ विकसित किए जा रहे राष्ट्रीय समुद्री विरासत परिसर का अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद पत्रकार माइक्रोन सेमीकंडक्टर प्लांट का दौरा करेंगे और भारत में विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र, अत्याधुनिक तकनीक तथा इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की प्रगति को करीब से समझेंगे।
मीडिया प्रतिनिधियों का दल आणंद स्थित विश्व प्रसिद्ध अमूल डेयरी का भी भ्रमण करेगा। यहां सहकारी मॉडल, दुग्ध उत्पादन, प्रोसेसिंग और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की व्यवस्था का अध्ययन किया जाएगा। इसके साथ ही इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) रिफाइनरी का दौरा कर ऊर्जा उत्पादन, पेट्रोलियम शोधन प्रक्रिया और आधुनिक रिफाइनिंग तकनीकों की जानकारी ली जाएगी।
दौरे में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और सरदार सरोवर बांध का भ्रमण भी शामिल है। यहां मीडिया प्रतिनिधि जल संसाधन प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था, जल विद्युत उत्पादन, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन करेंगे।
अध्ययन दौरे के अंतिम चरण में पत्रकार राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (NFSU) पहुंचेंगे, जहां उन्हें फॉरेंसिक साइंस, साइबर सुरक्षा, डिजिटल जांच और अपराध अनुसंधान में हो रहे आधुनिक नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद दल गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (GIFT City) का भ्रमण करेगा। यहां भारत के पहले अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र, फिनटेक इकोसिस्टम, वैश्विक वित्तीय सेवाओं और आधुनिक आर्थिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की जाएगी।
पत्र सूचना कार्यालय का मानना है कि इस अध्ययन दौरे से पत्रकारों को राष्ट्रीय विकास, औद्योगिक प्रगति, आधुनिक तकनीक, ऊर्जा, परिवहन, कृषि, वित्तीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को नजदीक से समझने का अवसर मिलेगा। इससे विकास संबंधी मुद्दों पर अधिक तथ्यपरक, संतुलित और प्रभावी रिपोर्टिंग को बढ़ावा मिलेगा तथा आमजन तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

