सक्ती , 20 जुलाई (वेदांत समाचार )। सक्ती जिले के जैजैपुर में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से बन रहे निर्माणाधीन न्यायालय भवन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने भवन निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है, लेकिन भवन की दीवारों और छत में कई जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। बारिश के दौरान छत और दीवारों से पानी का रिसाव भी हो रहा है।
वहीं, जहां प्लास्टर उखड़ा है, वहां से सीमेंट और रेत की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है।स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कई बार शिकायत और विरोध के बावजूद संबंधित अधिकारी अब तक मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचे हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य बिना सक्षम अधिकारियों की नियमित निगरानी के जारी है, जिससे गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

