ब्रेकिंग : चाकूबाजी ठेकेदार पर जानलेवा हमला... - vedantsamachar.in

ब्रेकिंग : चाकूबाजी ठेकेदार पर जानलेवा हमला…

रायपुर , 20 जुलाई (वेदांत समाचार )। बिरगांव में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 18 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे बिरगांव के मोती सागर तालाब के पास एक ठेकेदार पर चाकू से हमला कर लूटपाट की कोशिश की गई। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार पूरन साहू अपने दिहाड़ी मजदूरों का भुगतान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक चाकू लेकर पहुंचा और भुगतान के पैसे की मांग करने लगा।

जब पूरन साहू ने पैसे देने से इंकार किया, तो आरोपी ने उनकी पीठ पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना में घायल पूरन साहू का उपचार हो चुका है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मोती सागर तालाब क्षेत्र में लंबे समय से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की कमी, शराबखोरी और जुआ जैसी गतिविधियों के कारण लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद अब स्थानीय लोग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।