Raigarh Crime: पुसौर और पूंजीपथरा से 5 जुआरी गिरफ्तार, बाइक-नगदी समेत जुआ सामग्री जब्त - vedantsamachar.in

Raigarh Crime: पुसौर और पूंजीपथरा से 5 जुआरी गिरफ्तार, बाइक-नगदी समेत जुआ सामग्री जब्त

रायगढ़, 19 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना पुसौर और थाना पूंजीपथरा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

थाना पुसौर पुलिस को 17 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम कठली के बड़े तालाब की मेड़ पर खुड़खुड़िया (झंडी-मुंडी) का जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने में सफल रहे, जबकि दिनेश कुमार चौधरी (35 वर्ष), उमाकांत निषाद (25 वर्ष) और कमलेश निषाद (19 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दिनेश कुमार चौधरी के कब्जे से 380 रुपये नगद, एक हीरो HF मोटरसाइकिल (CG 13 AG 8054) और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं उमाकांत निषाद के पास से 220 रुपये नगद तथा कमलेश निषाद के कब्जे से 400 रुपये नगद और एक हीरो HF डिलक्स मोटरसाइकिल (CG 13 W 3060) जब्त की गई। इसके अलावा मौके से 6 खुड़खुड़िया गोटियां, 6 झंडी-मुंडी पट्टियां और एक बांस की टोकरी भी बरामद हुई। इस कार्रवाई में कुल 1,000 रुपये नगद, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और जुआ सामग्री जब्त की गई।

तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना पुसौर में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस, प्रधान आरक्षक श्याम महंत तथा आरक्षक कमलेश कुमार निराला, उमाशंकर सिंह, भगतराम टंडन और अमित नट की अहम भूमिका रही।

इसी अभियान के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने 18 जुलाई 2026 को सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास स्टाइगर जुआ खिलाए जाने की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से पंकज शर्मा (27 वर्ष) और रिषभ बाजपेई (23 वर्ष), दोनों निवासी विश्वासगढ़ चर्च, बाजीराव महरापारा, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से तीन स्टाइगर गोटियां और 500 रुपये नगद जब्त किए गए। सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खिलाते पाए जाने पर थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 173/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन अंकुश के तहत जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं को गलत राह पर ले जाने वाले इस प्रकार के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि वे जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन अंकुश के तहत आगे भी इस तरह की सघन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।