कोरबा,19 जुलाई 2026। जिला अस्पताल के 100 बेड परिसर में संचालित वाहन पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। पार्किंग स्टैंड में खड़ी एक बाइक चोरी हो जाने के बाद वाहन मालिक ने पार्किंग संचालक पर पार्किंग पर्ची वापस लेकर फाड़ देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, बलौदा क्षेत्र के ग्राम खिसोरा निवासी पंकज अहिर 17 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे किसी कार्य से जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-11-BG-0476) अस्पताल परिसर स्थित अधिकृत वाहन स्टैंड में पार्क की। पार्किंग शुल्क जमा करने के बाद उन्हें पार्किंग पर्ची भी दी गई।
कुछ समय बाद लौटने पर उनकी बाइक पार्किंग स्थल से गायब मिली। पंकज अहिर का आरोप है कि जब उन्होंने पार्किंग संचालक को घटना की जानकारी दी, तो संचालक ने उनके पास मौजूद पार्किंग पर्ची लेकर उसे फाड़ दिया। इस आरोप के सामने आने के बाद पार्किंग व्यवस्था और वाहन सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना रामपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
अब जांच का प्रमुख विषय यह होगा कि शुल्क लेकर संचालित पार्किंग में वाहन चोरी कैसे हुई, सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही तो नहीं बरती गई और पार्किंग संचालक द्वारा पर्ची फाड़ने के लगाए गए आरोप में कितनी सच्चाई है। मामले ने जिला अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था की जवाबदेही और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

